गोबर से ग्लोबल मार्केट तक… उपरेड़ा के मुकेश ने खेती को बनाया: 25 लाख की कमाई का मॉडल

अब अंतरराष्ट्रीय बाजार पर नजर, नर्मदाकृषि सचिव निशांत बरवड़े ने किया बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन; बोले—जैविक उपज का प्रमाणीकरण करवाकर वैश्विक बाजार तक पहुंचें किसान
नीमच। किसान की जिंदगी में गोबर को अक्सर खेती के लिए खाद का साधारण साधन माना जाता है, लेकिन जावद विकासखंड के ग्राम उपरेड़ा के मुकेश पाटीदार ने इसी गोबर को कमाई और रोजगार का जरिया बना दिया है। उन्होंने वर्ष 2016 में केंचुआ खाद बनाने की छोटी-सी शुरुआत की थी। आज यही प्रयास एक बड़े उद्यम का रूप ले चुका है। इस इकाई में करीब 60 लाख रुपये का निवेश हो चुका है, 11 लोगों को रोजगार मिल रहा है और प्रतिवर्ष 20 से 25 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित की जा रही है।
यह केवल एक किसान की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि खेती, पशुपालन और जैविक संसाधनों को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का उदाहरण भी है। उपरेड़ा में विकसित यह मॉडल बताता है कि किसान अपनी उपज के साथ उससे जुड़े संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग करना सीखें तो गांव में ही रोजगार और अतिरिक्त आमदनी के अवसर पैदा हो सकते हैं।
25 गायों की डेयरी बनी जैविक कारोबार की नींव
मुकेश पाटीदार ने अपनी डेयरी में 25 गायें रखी हैं। डेयरी से निकलने वाले गोबर का उपयोग उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट यानी केंचुआ खाद बनाने के काम में शुरू किया। जैसे-जैसे काम बढ़ा, उत्पादन के लिए आसपास की अन्य डेयरियों से भी गोबर खरीदना शुरू किया।
इससे एक ओर उनकी यूनिट को कच्चा माल मिलने लगा, वहीं आसपास के पशुपालकों के लिए भी गोबर से अतिरिक्त आमदनी का अवसर बना। धीरे-धीरे इस काम का विस्तार हुआ और केंचुआ खाद यूनिट ने बड़े व्यवसाय का रूप ले लिया।
आज यहां गोबर और नीम की खली से जैविक खाद तैयार की जा रही है। खाद निर्माण के दौरान निकलने वाले वर्मी वॉश को बोतलों में भरकर बाजार में बेचा जाता है। इसके अलावा गोबर, गुड़, छाछ, बेसन और गोमूत्र आदि के मिश्रण से जीवामृत का निर्माण भी किया जा रहा है।
60 लाख का निवेश, 11 लोगों को रोजगार
इस इकाई से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों के रूप में भी विकसित किया गया है। डेयरी से गोबर मिलता है, गोबर से जैविक खाद बनती है और वही खाद खेतों तक पहुंचती है। इस पूरी प्रक्रिया में प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करते हुए उत्पादन तैयार किया जा रहा है।
करीब 60 लाख रुपये के निवेश से विकसित इस यूनिट को मनरेगा के अंतर्गत रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 25 लाख रुपये का ऋण और 8 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिली। वर्तमान में यहां 11 लोगों को रोजगार मिल रहा है। मुकेश पाटीदार के अनुसार, इस उद्यम से प्रतिवर्ष 20 से 25 लाख रुपये की शुद्ध आय हो रही है।
सचिव ने किया बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन
ग्राम उपरेड़ा में विकसित इस बायो रिसोर्स सेंटर का नर्मदाकृषि सचिव निशांत बरवड़े ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जैविक खाद निर्माण, उत्पादन प्रक्रिया और यूनिट की गतिविधियों की जानकारी ली।
सचिव निशांत बरवड़े ने कहा कि जैविक खेती करने वाले किसान राज्य जैविक प्रमाणीकरण संस्था के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी उपज का प्रमाणीकरण करवाएं। इससे उनके उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि जैविक खेती के प्रयोगों को आगे बढ़ाने के साथ किसानों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता और प्रमाणन पर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।
उपरेड़ा का मॉडल दूसरे किसानों के लिए बन सकता है प्रेरणा
मुकेश पाटीदार के इस उद्यम से यह बात स्पष्ट होती है कि खेती को केवल फसल उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय पशुपालन, जैविक खाद निर्माण, फसल उत्पादन, पैकेजिंग और विपणन को एक साथ जोड़कर किसान अपनी आय के नए स्रोत तैयार कर सकते हैं।
सचिव निशांत बरवड़े और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने इस उद्यम तथा रोजगार सृजन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने यूनिट के विस्तार के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात भी कही।