सरकारी नौकरी में दो बच्चों की बाध्यता खत्म: तीसरी संतान वाले अभ्यर्थियों को भी मिलेगा मौका

इस फैसले के बाद 26 जनवरी 2001 या उसके बाद तीसरी संतान होने के कारण सरकारी नौकरी के लिए अपात्र माने जाने वाले अभ्यर्थियों को भी पात्रता मिल सकेगी। इसके लिए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (सामान्य शर्तें) नियम, 1961 और मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 में संशोधन किया जाएगा। इस निर्णय से स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
### 63 हजार करोड़ से अधिक की लागत से बनेंगे पांच ग्रीनफील्ड कॉरिडोर
कैबिनेट बैठक में प्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 63,296 करोड़ रुपये की लागत से पांच ग्रीनफील्ड कॉरिडोर विकसित करने का निर्णय लिया गया। इनकी कुल लंबाई 1,398 किलोमीटर होगी। इनमें भोपाल-मंदसौर, सागर-सारंगपुर, जबलपुर-आशापुर, भोपाल-वालियर और कटनी-सिंगरौली मार्ग शामिल हैं।
### मंदसौर में एग्रो पार्क और सोलर पार्क का प्रस्ताव
बैठक में मंदसौर में एग्रो पार्क और सोलर पार्क के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा रतलाम में बायो फार्मा पार्क तथा धार में वस्त्र एवं संबद्ध उद्योग पार्क के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
### गांधीसागर बनेगा पर्यटन और एडवेंचर का केंद्र
गांधीसागर को प्रमुख पर्यटन एवं एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन पर लगभग 40.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें गांधीसागर में टेंट सिटी, वाटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब और आधुनिक रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पर्यटकों के लिए 135 नए आवासीय कमरे भी बनाए जाएंगे।
### कृषि और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा
बैठक में कृषि एवं स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उज्जैन में आयोजित 'एक जिला-एक उत्पाद' प्रदर्शनी में धनिया, लहसुन, मूंगफली, संतरा, पान, औषधीय उत्पाद और दुग्ध उत्पादन सहित जिलों के प्रमुख उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने किसानों, उद्यमियों और महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद कर उनके उत्पादों, लागत और बाजार की संभावनाओं की जानकारी ली।
गांधीसागर में आयोजित इस विशेष कैबिनेट बैठक में ऊर्जा, सड़क, कृषि, पर्यटन और रोजगार से जुड़े फैसलों के जरिए नीमच-मंदसौर सहित पूरे मालवा अंचल के विकास को नई दिशा देने पर जोर दिया गया।