आवारा मवेशियों से हो रहे हादसों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: NHAI को टोल प्लाजा के पास आश्रय स्थल बनाने पर विचार के निर्देश

नई दिल्ली। सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और लोगों की जान जाने के मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को अदालत ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से टोल प्लाजा के आसपास आवारा मवेशियों के लिए आश्रय स्थल बनाने की संभावना पर विचार करने को कहा।
टोल प्लाजा के पास बने आश्रय स्थल
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि NHAI के पास टोल प्लाजा के आसपास पर्याप्त जगह होती है। ऐसे में आवारा मवेशियों के लिए शेल्टर बनाने पर विचार किया जा सकता है। पीठ ने स्पष्ट किया कि इसके लिए किसी विशेष राशि के खर्च की बात नहीं कही जा रही, बल्कि उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विचार करने को कहा गया है।
राजमार्गों पर मवेशियों से हादसों का मामला
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि आवारा मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। अदालत ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए संबंधित अधिकारियों को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता जताई।
सड़क सुरक्षा और पशु संरक्षण दोनों जरूरी
अदालत ने कहा कि आवारा मवेशियों की समस्या का समाधान करते समय सड़क सुरक्षा और पशु संरक्षण दोनों का ध्यान रखा जाना चाहिए। NHAI को इस दिशा में व्यावहारिक संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए।