गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की एक इकाई शुरू: CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

गांधीसागर। गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के तहत एक टरबाइन का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया। परियोजना की 9 इकाइयों में से एक इकाई का परिचालन शुरू हो गया है। इसे प्रदेश में बिजली उत्पादन और ऊर्जा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परियोजना का शुभारंभ करते हुए इसे बिजली उत्पादन के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाली अभिनव परियोजना बताया। परियोजना की कुल प्रस्तावित क्षमता 1,920 मेगावाट है। बिजली की अधिक मांग के समय इससे बड़े स्तर पर बिजली उत्पादन किया जा सकेगा।
पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज तकनीक में कम मांग के समय अतिरिक्त बिजली का उपयोग कर पानी को ऊंचाई पर स्थित जलाशय में पहुंचाया जाता है। वहीं बिजली की मांग बढ़ने पर पानी को नीचे छोड़कर टरबाइन के माध्यम से बिजली बनाई जाती है। इससे बिजली की आपूर्ति को संतुलित रखने में मदद मिलती है।
गांधीसागर में इस परियोजना की शुरुआत से प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। परियोजना की शेष इकाइयों का संचालन शुरू होने के साथ बिजली उत्पादन क्षमता में और वृद्धि होगी।