गांधीसागर की वादियों में सजेगा सत्ता का दरबार: 18 नवंबर को मोहन कैबिनेट की अहम बैठक

मंदसौर। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित करने जा रही है। इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पूरी कैबिनेट गांधीसागर की टेंट सिटी में जुटेगी। बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
17 नवंबर को पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 नवंबर को गांधीसागर पहुंचेंगे। यहां मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ भोज और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है। आयोजन स्थल पर डोम, टेंट सिटी, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्राकृतिक और ऐतिहासिक विरासत का करेंगे अवलोकन
18 नवंबर की सुबह मुख्यमंत्री गांधीसागर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत देखेंगे। इसके लिए हिंगलाजगढ़ अथवा चतुर्भुज नाला की प्राचीन रॉक पेंटिंग्स और चंबल नदी स्थित गिद्ध प्रजनन केंद्र के भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सुबह 11:30 बजे शुरू होगी कैबिनेट बैठक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री टेंट सिटी पहुंचकर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कैबिनेट बैठक शुरू होगी। करीब एक घंटे तक चलने वाली इस बैठक में प्रदेश के विकास, जनकल्याण और महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होगी।
बैठक के बाद दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे के बीच सरकार के फैसलों की जानकारी मीडिया को दी जाएगी।
प्रशासन ने संभाली तैयारियों की कमान
कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासन ने मंत्रियों और वीवीआईपी मेहमानों के आगमन, ठहरने और प्रस्थान से लेकर सुरक्षा एवं यातायात तक की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गांधीसागर में होने वाली यह बैठक मंदसौर जिले के लिए खास महत्व रखती है। इस आयोजन से गांधीसागर को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलने और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।