सीबीएन की तीन बड़ी कार्रवाई: चार दिन में 825 किलो डोडाचूरा जब्त, बाइक से लेकर फ्रिजर ट्रक तक तस्करी में इस्तेमाल

बाइक और बोलेरो पिकअप से 300 किलो से अधिक डोडाचूरा जब्त
सीबीएन के अनुसार, पहली कार्रवाई 1 नवंबर को नीमच के पास की गई। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर अधिकारियों ने बाइक और बोलेरो पिकअप को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से 32 प्लास्टिक कट्टों में भरा 300.080 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
लोडिंग टेम्पो के साथ बाइक का इस्तेमाल
दूसरी कार्रवाई 2 नवंबर को नीमच जिले में की गई। तस्करी में लोडिंग टेम्पो और बाइक का इस्तेमाल किया जा रहा था। तलाशी के दौरान 112.560 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इस मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ट्रक के गुप्त चैंबर से 413 किलो डोडाचूरा बरामद
तीसरी कार्रवाई 4 नवंबर को चित्तौड़गढ़ बाईपास के पास की गई। खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों ने एक पंजीकृत रेफ्रिजरेटेड ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में बनाए गए विशेष गुप्त चैंबर से 413.280 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही एजेंसी
सीबीएन के अनुसार, चार वाहनों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
सीबीएन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एजेंसी ने तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।