ग्रामवासियों की शिकायत पर प्रशासन का बुलडोजर चला: आरबीएस कॉलेज द्वारा की गई तार फेंसिंग हटाई

शिकायत के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन
जानकारी के अनुसार, ग्रामवासियों ने लंबे समय से शिकायत की थी कि आरबीएस कॉलेज प्रबंधन द्वारा गांव की जमीन पर कथित रूप से कब्जा कर आम रास्ते पर तार फेंसिंग कर दी गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
जेसीबी से हटवाई गई तार फेंसिंग
कार्रवाई के दौरान जीरन तहसीलदार, पटवारी और ग्राम पंचायत सचिव की मौजूदगी में जेसीबी की सहायता से तार फेंसिंग हटवाई गई। इस दौरान पुलिस बल और बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी मौके पर उपस्थित रहे। प्रशासन ने संबंधित जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
कॉलेज प्रबंधन को नोटिस, दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने आरबीएस कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शासकीय या ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया
लंबे समय से आम रास्ते को लेकर परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर राहत जताई। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खुलने से आवागमन में हो रही परेशानी दूर होगी।