नई विधा — नीमच न्यूज़

1 करोड़ की अफीम के साथ रतलाम का तस्कर गिरफ्तार, नीमच से गुजरात ले जा रहा था खेप

अपराध · neemuch · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

1 करोड़ की अफीम के साथ रतलाम का तस्कर गिरफ्तार, नीमच से गुजरात ले जा रहा था खेप

नीमच/आबूरोड। मध्यप्रदेश से गुजरात तक फैले मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर राजस्थान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरोही जिले में आबूरोड रीको थाना पुलिस ने मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान एक मिनी ट्रक से 20 किलो 696 ग्राम अवैध अफीम का दूध जब्त किया है। पुलिस ने मामले में रतलाम जिले के 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।

नाकाबंदी में पकड़ा मिनी ट्रक, बैग से मिली अफीम

पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नरेंद्र कुमार और डीएसपी जितेंद्र सिंह राठौड़ के सुपरविजन में आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मावल चौकी पर वाहनों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान गुरुवार शाम राजस्थान नंबर के एक मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के केबिन में रखे बैग से 20 किलो 696 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक महादेव प्रजापत (24), निवासी धराड़, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

नीमच से गुजरात के सिद्धपुर ले जा रहा था खेप

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अफीम की खेप नीमच से लेकर गुजरात के सिद्धपुर में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब इस तस्करी के पीछे शामिल मुख्य सरगना और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में एएसआई भवानी सिंह, कांस्टेबल बाबू सिंह और दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही

और पढ़ें: नीमच क्राइम न्यूज़ — अपराध और पुलिस की खबरें · नीमच न्यूज़ होम