राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार, 47 लाख 25 हजार रुपये के मादक पदार्थ जब्त: एमडी और डोडाचूरा बरामद

मुखबिर की सूचना पर की गई नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, नारकोटिक्स विंग को सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए मादक पदार्थों की खेप राजस्थान की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर नारकोटिक्स प्रकोष्ठ नीमच के सामने महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर नाकाबंदी की गई।
इस दौरान संदिग्ध रेनॉल्ट क्विड कार क्रमांक RJ14 WC 0762 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से 1 किलो 496 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा 15 किलो 170 ग्राम डोडाचूरा भी मिला, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
जयपुर निवासी दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार में सवार अजित सिंह, पिता भंवरसिंह परिहार (33 वर्ष) और देवेंद्र मीणा, पिता प्यारेलाल मीणा (31 वर्ष), दोनों निवासी वैशाली नगर, जयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थों के साथ रेनॉल्ट क्विड कार भी जब्त की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स मुख्यालय भोपाल डी. श्रीनिवास वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक नारकोटिक्स इंदौर कुमार प्रतीक तथा पुलिस अधीक्षक नारकोटिक्स विंग मंदसौर अभिषेक आनंद के नेतृत्व में की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्टेला सुलिया एवं उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में नारकोटिक्स प्रकोष्ठ नीमच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।