राष्ट्रीय एकता दिवस पर नीमच में उत्साह से निकली ‘रन फॉर यूनिटी’: विधायक और एसपी ने दिखाई हरी झंडी

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली एकता दौड़
एकता दौड़ पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, कमल चौक और सब्जी मंडी तिराहा होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, युवाओं, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने उपस्थितजनों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने देश की एकता और सद्भावना को मजबूत करने में योगदान देने का संकल्प लिया।
कलेक्टर और एसपी ने पुलिस स्टॉफ को दिलाई शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कार्यालयीन स्टॉफ को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टॉफ मौजूद रहा।
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण को याद किया गया। साथ ही नागरिकों को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।