नई विधा — नीमच न्यूज़

हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, भाजपा की जीत लगभग तय

राजनीति · भोपाल · · नई विधा डेस्क

हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, भाजपा की जीत लगभग तय

भोपाल।केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विधानसभा परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय में नामांकन दाखिल करने के साथ ही पुरी की राज्यसभा में एंट्री का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। इसकी वजह विधानसभा में भाजपा का मजबूत संख्याबल और कांग्रेस की ओर से अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया जाना है।

मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के केंद्रीय मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। भाजपा ने इस सीट पर उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी को उम्मीद है कि विधानसभा में संख्या बल के आधार पर उसके प्रत्याशी को आसानी से जीत मिल सकती है।

### गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर की खुशहाली की कामना

नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेककर देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

नामांकन के दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, भाजपा के राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक विष्णुदत्त शर्मा, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

### भाजपा की सीटें बढ़कर नौ होने की संभावना

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। इनमें से आठ सीटें भाजपा और दो सीटें कांग्रेस के पास हैं। एक सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर भाजपा की जीत होने पर राज्यसभा में मध्यप्रदेश से पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो जाएगी।

### एपस्टीन प्रकरण को लेकर कांग्रेस का हमला

हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एपस्टीन प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों, ईमेल और मुलाकातों के संदर्भ में पुरी का नाम सामने आने का हवाला देते हुए भाजपा से स्पष्टीकरण मांगा है। कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में देश के सामने स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

*(स्रोत: आईएएनएस)*

और पढ़ें: भोपाल की सभी खबरें · नीमच राजनीति समाचार — नेता, चुनाव और प्रशासन · नीमच न्यूज़ होम