दो दिन में एक बार होती है जलापूर्ति, रहवासी बोले- पीने लायक भी नहीं पानी; पाइपलाइन फूटने से दूषित होने की आशंका

जावद। नगर के वार्ड क्रमांक 1 और 2 में पेयजल व्यवस्था बदहाल है। जोगणिया माता चौराहा, सुभाष मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। दो दिन में एक बार होने वाली जलापूर्ति में भी स्वच्छ पानी नहीं मिलने से रहवासी परेशान हैं। उनका कहना है कि पानी की स्थिति ऐसी है कि इसका उपयोग करना भी मुश्किल हो रहा है। नगर परिषद में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
पानी में गंदगी और दुर्गंध से बढ़ी परेशानी
क्षेत्र के रहवासी राजू राठौर, चांदमल प्रजापत, मनोज प्रजापत, सदाम, पप्पू चौधरी और शफी मोहम्मद ने बताया कि नलों से आने वाले पानी में गंदगी के साथ दुर्गंध भी आ रही है। ऐसे में पेयजल के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। रहवासियों के अनुसार, क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से भी परेशानी बनी हुई है। उन्होंने नगर परिषद से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
पाइपलाइन फूटने से दूषित हो सकता है पानी
इस मामले में नगर परिषद के सीएमओ संजयसिंह राठौर ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में पाइपलाइन फूट गई थी। संभवत: इसी कारण नलों से गंदा पानी आ रहा होगा। उन्होंने कहा कि रहवासियों की शिकायत के आधार पर पानी की जांच करवाई जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा।