1.79 करोड़ से बनेगा नहीं, बन चुका ‘अटल सेतु’: स्थापना दिवस पर नीमच को मिलेगी नई पुलिया की सौगात

नीमच। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर नीमच शहर को विकास की एक नई सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका परिषद द्वारा प्राइवेट बस स्टैंड पर 1 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित पुलिया ‘अटल सेतु’ का 1 नवंबर को सुबह 9 बजे लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही यह पुलिया आमजन के आवागमन के लिए समर्पित होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में निर्मित इस पुलिया का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद किरण शर्मा ने बताया कि प्राइवेट बस स्टैंड की पुरानी पुलिया जर्जर हालत में थी। इसके चलते क्षेत्रवासियों और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इसी समस्या को देखते हुए नगर पालिका द्वारा 1 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से 8 मीटर चौड़ी और 47 मीटर लंबी नई पुलिया का निर्माण कराया गया है। अटल सेतु के शुरू होने से वार्ड क्रमांक 14 के रहवासियों के साथ आसपास की कॉलोनियों के नागरिकों और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही वाहनों की आवाजाही भी पहले की अपेक्षा सुगम होने की उम्मीद है।
ये रहेंगे कार्यक्रम के अतिथि
लोकार्पण समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला संगठन मंत्री सुभाष पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा करेंगी। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमाल, लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी, समस्त सभापतिगण एवं गणमान्य नागरिक विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पार्षद किरण शर्मा ने समस्त पार्षदों, सभापतियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं वार्डवासियों से लोकार्पण समारोह में उपस्थित होने का आग्रह किया है।