ज्ञानमंदिर विधि महाविद्यालय में संविधान दिवस: एवं जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित

सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय ने मूकाभिनय और स्किट में मारी बाजी, रामपुरा महाविद्यालय की सुमन माली ने मिमिक्री में प्रथम स्थान हासिल किया
नीमच। ज्ञानमंदिर विधि महाविद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस एवं जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने मूकाभिनय, स्किट, मिमिक्री एवं एकांकी जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सचिव राजेश मानव, पूर्व प्राचार्य अरस्तु अली शाह, कार्यालय प्रमुख राजेश जिंदाणी, वरिष्ठ समाजसेवी गुणवंत एन. कृति संस्था के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सक्सेना, आराधना विद्यालय के संस्थापक पंकज दुबे एवं पत्रकार विकेक नागर उपस्थित रहे।
संविधान दिवस पर संविधान के महत्व पर प्रकाश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना और उसके महत्व पर विचार रखे। बताया गया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में संविधान दिवस मनाया जाता है।
प्रबंध समिति सचिव राजेश मानव ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। उन्होंने कहा कि नीमच जिले के लिए जाजू का संविधान सभा का सदस्य होना गौरव की बात है।
युवाओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिला स्तरीय युवा उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। मूकाभिनय और स्किट के माध्यम से युवाओं ने सामाजिक विषयों और जीवन की चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अख्तर अली शाह ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में उत्साह और सकारात्मक सोच का संचार होता है।
विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
प्रतियोगिताओं में श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने मूकाभिनय और स्किट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मिमिक्री प्रतियोगिता में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुरा की छात्रा सुमन माली ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने संगीत, नृत्य एवं कविता पाठ की प्रस्तुतियां भी दीं। इसके साथ ही सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में महाविद्यालय के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुमन पराशर और डॉ. वर्षा कावड़िया ने किया। अंत में सहायक प्राध्यापक शुभम मेहता ने आभार व्यक्त किया।