शिक्षकों को हर साल करनी होगी 50 घंटे की ट्रेनिंग: नहीं तो रुक सकती है पदोन्नति और इंक्रीमेंट

शिक्षा मंत्रालय का सख्त आदेश, सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण अनिवार्य; तीन चरणों में पूरा करना होगा 50 घंटे का प्रशिक्षण
नई दिल्ली। स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने शिक्षकों के प्रशिक्षण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को अपनी दक्षता बढ़ाने के लिए हर साल अनिवार्य रूप से कम से कम 50 घंटे का प्रशिक्षण लेना होगा। ऐसा नहीं करने पर उन्हें वेतनवृद्धि, पदोन्नति और राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का लाभ नहीं मिलने की चेतावनी दी गई है।
सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होंगे निर्देश
शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय विद्यालयों में इस व्यवस्था को लागू करने के साथ राज्यों को भी इसे सख्ती से अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा और बिहार जैसे राज्यों में शिक्षक प्रशिक्षण अभियान तेज हुआ है। इस व्यवस्था के तहत सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के शिक्षक शामिल होंगे।
दीक्षा पोर्टल से होगी निगरानी
शिक्षकों को प्रशिक्षण राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के माध्यम से दिया जाएगा। इसके लिए दीक्षा नाम का पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके जरिए प्रशिक्षण की निगरानी की जाएगी। किस राज्य के कितने शिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया है, इसकी जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।
मंत्रालय ने राज्यों को प्रशिक्षण के लिए वार्षिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। निजी स्कूलों को भी इस व्यवस्था को अपनाकर अपने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाना होगा।
तीन चरणों में पूरा होगा प्रशिक्षण
शिक्षकों के लिए 50 घंटे का प्रशिक्षण तीन चरणों में निर्धारित किया गया है।
पहला चरण – 24 घंटे: ज्ञान और शिक्षण अभ्यास पर आधारित प्रशिक्षण। इसमें बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने, बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान जैसे विषय शामिल होंगे।
दूसरा चरण – 14 घंटे: प्रोफेशनल डेवलपमेंट पर आधारित प्रशिक्षण। इसमें तनाव प्रबंधन, कक्षा प्रबंधन, बच्चों की पहचान और काउंसलिंग जैसे कौशल सिखाए जाएंगे।
तीसरा चरण – 12 घंटे: बच्चों के नैतिक मूल्यों, मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल और जीवन कौशल से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी।
शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि नियमित प्रशिक्षण से शिक्षकों की दक्षता बढ़ेगी और स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होगा।