एकल माताओं के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र का मुद्दा: मानव अधिकार आयोग में उठाया

भोपाल। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के नीमच जिले के वरिष्ठ आयोग मित्र कमलाशंकर विश्वकर्मा ने भोपाल स्थित आयोग मुख्यालय में अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने नीमच जिले में मानव अधिकारों से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों और जमीनी स्तर की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
चर्चा के दौरान विशेष रूप से एकल माताओं के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की समस्या उठाई गई। इसके कारण पात्र परिवारों और विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा शैक्षणिक प्रवेश में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आयोग अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने दो दिन पूर्व मीडिया में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए इस विषय में संबंधित कलेक्टरों से प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संवेदनशील मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अंत में आयोग मित्र कमलाशंकर विश्वकर्मा ने अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।