मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार टला, डेढ़ महीने तक नए मंत्रियों की नियुक्ति पर ब्रेक: युवा नेताओं को झटका

भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहा मंत्रिमंडल विस्तार फिलहाल टल गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मुलाकात के बाद ऐसे संकेत मिले हैं कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अभी मंत्रिमंडल विस्तार के पक्ष में नहीं है। माना जा रहा है कि अगले डेढ़ महीने तक इस प्रक्रिया पर विराम लग सकता है।
मंत्रिमंडल विस्तार टलने से उन भाजपा नेताओं को झटका लगा है, जो मंत्री पद की उम्मीद लगाए बैठे थे। संभावित विस्तार में प्रदेश को कम से कम तीन नए मंत्री मिलने की संभावना जताई जा रही थी। खासतौर पर युवा नेताओं को इस विस्तार से काफी उम्मीदें थीं।
भोपाल में संगठनात्मक बैठकों के बाद बढ़ी हलचल
मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज थीं। भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में लगातार दो दिनों तक बैठकों का दौर चला। इन बैठकों की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने की। बैठकों में प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठकों में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इसके अलावा सोशल मीडिया और आईटी विभाग की संगठनात्मक टीमों के साथ भी बैठक हुई। इसमें पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को मजबूत बनाने और सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
केंद्रीय नेतृत्व के संकेतों से बढ़ी प्रतीक्षा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं को विराम मिलता दिखाई दे रहा है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में नए मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर दावेदारों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
दावेदारों की नजरें अब अगले फैसले पर
मंत्रिमंडल विस्तार टलने के बाद अब मंत्री पद के दावेदारों की नजरें केंद्रीय नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व फिलहाल संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहता है। ऐसे में कम से कम डेढ़ महीने तक मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना कमजोर मानी जा रही है।