देश में 3.30 करोड़ LPG उपभोक्ताओं ने सालभर नहीं कराया सिलेंडर रिफिल: MP के 17 लाख खातों में नहीं हुई रिफिल

भोपाल। देश में करोड़ों एलपीजी उपभोक्ताओं के नाम पर दर्ज कनेक्शनों में पूरे साल सिलेंडर रिफिल नहीं होने का मामला सामने आया है। RTI से मिली जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश के 3.30 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं ने एक बार भी सिलेंडर रिफिल नहीं कराया। वहीं, 2.26 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं ने पूरे साल में केवल एक बार ही सिलेंडर भरवाया।
कनेक्शन ब्लॉक होने से भी बढ़ी परेशानी
फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, कई उपभोक्ताओं ने पहले अलग-अलग पेट्रोलियम कंपनियों से कनेक्शन लिए थे। अब एक ही नाम पर अलग-अलग कंपनियों के कनेक्शन चिह्नित कर खातों को ब्लॉक किया जा रहा है। इससे ऐसे खातों पर रिफिल नहीं हो पा रही है। हालांकि, कुछ उपभोक्ता महंगाई या अन्य वजहों से भी सिलेंडर नहीं भरवा रहे हैं।
उज्ज्वला कनेक्शन वाले 10% उपभोक्ताओं ने नहीं भरवाया सिलेंडर
RTI कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, देश में करीब 33.95 करोड़ एलपीजी उपभोक्ताओं में से 5.56 करोड़ से अधिक ने वित्त वर्ष 2025-26 में या तो एक भी सिलेंडर नहीं भरवाया या केवल एक बार रिफिल कराया। इनमें उज्ज्वला और सामान्य घरेलू दोनों श्रेणियों के उपभोक्ता शामिल हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, करीब 1.63 करोड़ सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं ने एक भी रिफिल नहीं कराई। वहीं, उज्ज्वला योजना के करीब 10.55 करोड़ उपभोक्ताओं में से लगभग 1.67 करोड़ ने सिलेंडर नहीं भरवाया। यानी उज्ज्वला श्रेणी के करीब 10 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने सालभर में कोई रिफिल नहीं कराई।
मध्यप्रदेश में भी लाखों उपभोक्ताओं ने नहीं कराई रिफिल
मध्यप्रदेश में भी स्थिति चिंताजनक है। प्रदेश में उज्ज्वला श्रेणी के 5.11 लाख उपभोक्ताओं ने पूरे साल एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं कराया, जबकि 2.79 लाख ने केवल एक बार सिलेंडर भरवाया।
आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 11.36 लाख लाभार्थियों ने एक भी रिफिल नहीं कराई और 5.97 लाख ने सालभर में सिर्फ एक सिलेंडर लिया। दोनों श्रेणियों को मिलाकर करीब 17 लाख उपभोक्ताओं के खातों में सालभर कोई रिफिल दर्ज नहीं हुई।