नीमच में 108 एम्बुलेंस और बाइक की भिड़ंत: चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

नीमच। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में मारुति नंदन बालाजी मंदिर के सामने मंगलवार को 108 एम्बुलेंस और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपति सड़क पर गिर गए। उन्हें मामूली चोटें आने की जानकारी है।
जानकारी के अनुसार, 108 एम्बुलेंस मरीज को लेने जा रही थी। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे बाइक सवार दंपति एम्बुलेंस की चपेट में आ गए। चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए। बताया जा रहा है कि सड़क पर करीब 20 फीट तक टायरों के निशान बन गए। इसके बावजूद दोनों वाहनों में टक्कर हो गई।
हादसे के बाद चालक से अभद्रता का आरोप
बताया जा रहा है कि बाइक सवार दंपति जिले के चिकित्सा विभाग में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर लावण्य मंगल के माता-पिता हैं। घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल ऑफिसर भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने एम्बुलेंस चालक के साथ गाली-गलौज की और उसे देख लेने की धमकी दी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के कारणों और बाद में हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है।