मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 नवंबर को मनासा आएंगे: 18 को गांधीसागर में कैबिनेट बैठक

मनासा/नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 नवंबर को नीमच जिले के मनासा दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचेंगे, जहां नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कृषि उपज मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच, सुरक्षा, पार्किंग और आमजन के आवागमन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
सखलेचा ने कार्यकर्ताओं से की अपील
जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में मनासा पहुंचने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन को अंचल के लिए गौरव का विषय बताया और कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
18 नवंबर को गांधीसागर में होगी कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री के दौरे के अगले दिन 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होगी। सरकार पहली बार गांधीसागर की प्राकृतिक वादियों के बीच कैबिनेट बैठक करने जा रही है। इससे क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गांधीसागर क्षेत्र में 1,920 मेगावाट क्षमता की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर भी काम चल रहा है। लगभग 11,500 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में अतिरिक्त बिजली से पानी को ऊपरी जलाशय तक पहुंचाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उसी पानी से दोबारा बिजली पैदा की जाएगी। इससे बिजली आपूर्ति और पावर ग्रिड की स्थिरता में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के मनासा दौरे और गांधीसागर में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर नीमच-मंदसौर क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं।