मणि रत्नम होटल की मनमानी पर नपा की कार्रवाई: बिना अनुमति बनाई जा रही सड़क और दीवार ढहाई

नीमच। महू रोड स्थित मणि रत्नम होटल के पास बिना अनुमति बनाई जा रही कच्ची सड़क और दीवार पर नगर पालिका ने कार्रवाई की। सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नपा अमले ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध निर्माण हटवा दिया।
शिकायत के बाद भी दोबारा शुरू किया था काम
नगर पालिका अधिकारी के अनुसार, पास की कॉलोनी के समीप सड़क निर्माण की शिकायत मिलने पर पहले काम रुकवाया गया था। इसके बावजूद होटल संचालक ने दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। इसके बाद नगर पालिका ने सूचना पत्र जारी कर संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
जेसीबी से हटाई सड़क, दीवार भी तोड़ी
दस्तावेज नहीं मिलने और दोबारा निर्माण शुरू होने की सूचना पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बिना अनुमति डाली गई कच्ची सड़क की मिट्टी हटवाई और बनाई गई दीवार को ध्वस्त कर दिया।
नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध होने वाले अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।