नई विधा — नीमच न्यूज़

नीमच के बाजार से छोटे नोट गायब! 10 और 20 रुपये के लिए भटक रहे लोग: खुल्ले की किल्लत से कारोबार प्रभावित

स्थानीय · नीमच · · नई विधा डेस्क

नीमच के बाजार से छोटे नोट गायब! 10 और 20 रुपये के लिए भटक रहे लोग: खुल्ले की किल्लत से कारोबार प्रभावित

नीमच। डिजिटल भुगतान के दौर में शहर के बाजारों में छोटे नोटों की कमी ने नकद लेनदेन को मुश्किल बना दिया है। 10 और 20 रुपये के नोट आसानी से नहीं मिल रहे हैं। दुकानदारों, मैजिक चालकों और मंडी व्यापारियों को रोजाना खुल्ले के लिए परेशान होना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पांच रुपये का खुल्ला जुटाने के लिए कुछ लोग एक और दो रुपये के सिक्कों को टेप से जोड़कर काम चला रहे हैं।

बाजार में 50, 100 और इससे बड़े नोट आसानी से मिल रहे हैं, लेकिन छोटे नोटों के लिए लोगों को एक दुकान से दूसरी दुकान तक जाना पड़ रहा है। सब्जी, फल, दूध, किराना और परिवहन जैसे रोजमर्रा के कारोबार पर इसका असर दिखाई दे रहा है।

बैंकों में भी छोटे नोटों की कमी

व्यापारियों के अनुसार, इस बार बैंकों में 10 और 20 रुपये के नए नोटों का वितरण नहीं हुआ। पिछले साल दीपावली से पहले एसबीआई की विभिन्न शाखाओं में दो दिन तक नए नोट बांटे गए थे। इस बार छोटे नोटों और पांच, 10 व 20 रुपये के सिक्कों की नई खेप नहीं आने की शिकायत है।

व्यापारियों का कहना है कि आरबीआई से बैंकों को जरूरत के मुताबिक छोटे नोट नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में बाजार में पुराने नोट और सिक्कों से ही काम चलाया जा रहा है।

फ्रेश नोटों के लिए कमीशन का कारोबार?

एक ओर आम लोग छोटे नोटों के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर बाजार में 10, 20, 50 और 100 रुपये के कड़क फ्रेश नोट कमीशन लेकर उपलब्ध कराने की चर्चा है। घंटाघर के समीप एक दुकान पर भी नए नोट दिए जाने की बात सामने आई है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब बैंकों में छोटे नोटों की कमी है तो बाजार में फ्रेश नोट कहां से आ रहे हैं? इस कथित कारोबार की जांच की जरूरत भी महसूस की जा रही है।

मैजिक चालकों ने लगाए QR कोड

शहर में करीब 150 मैजिक वाहनों से रोजाना 10 हजार से अधिक लोग सफर करते हैं। छोटे नोटों की कमी के चलते कई चालकों ने अपनी गाड़ियों में क्यूआर कोड लगा लिए हैं।

टेम्पो मैजिक यूनियन अध्यक्ष राजकुमार जैन लाला ने बताया कि प्रति सवारी 10 और 15 रुपये किराया लिया जाता है। कई यात्री 50 या 100 रुपये का नोट देते हैं, जिससे छुट्टे लौटाना मुश्किल हो जाता है। कई बार चालकों को चौराहों पर वाहन रोककर दुकानदारों से खुल्ले लेने पड़ते हैं।

मंडी में छोटी रकम का भुगतान UPI से

कृषि उपज मंडी में किसानों को बड़ी राशि का भुगतान नकद किया जा रहा है, जबकि छोटी रकम के लिए UPI का सहारा लिया जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार, 10 और 20 रुपये के नोटों के साथ पांच रुपये के सिक्कों की भी कमी बनी हुई है।

डिजिटल भुगतान के साथ नकदी की उपलब्धता भी जरूरी

हर व्यक्ति के पास स्मार्टफोन और UPI की सुविधा नहीं है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों, बुजुर्गों और छोटे ग्राहकों के लिए नकद भुगतान आज भी जरूरी है। ऐसे में छोटे नोटों और सिक्कों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि आम लोगों को छोटे लेनदेन के लिए परेशान न होना पड़े।

मंडी भाव: आज का नीमच मंडी भाव

टैग: Neemuch, Currency Shortage, Small Notes, Cash Crisis, UPI Payment, Market News, RBI, Neemuch News, Madhya Pradesh

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम