नई विधा — नीमच न्यूज़

आज मनासा में CM मोहन यादव का रोड शो: 500 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात

ब्रेकिंग न्यूज़ · मनासा · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

आज मनासा में CM मोहन यादव का रोड शो: 500 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात

मनासा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 17 नवंबर को नीमच जिले के मनासा पहुंचेंगे। इस दौरान वे नीमच, मनासा और जावद विधानसभा क्षेत्रों में करीब 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री का सवा किलोमीटर लंबा रोड शो होगा, जिसके बाद कृषि उपज मंडी में आमसभा आयोजित की जाएगी।

शाम 4 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शाम करीब 4 बजे गौशाला के पास बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वे रोड शो करते हुए कृषि उपज मंडी पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां की हैं।

महागढ़ में कृषि महाविद्यालय और रिसर्च सेंटर की मांग

मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव रखेंगे। इनमें महागढ़ में कृषि महाविद्यालय और कृषि अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की मांग प्रमुख है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज और नई खेती पद्धतियों से जुड़ी सुविधाएं मिल सकेंगी।

गांधीसागर क्षेत्र में पर्यटन केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके।

गौशाला स्वीकृति पर गाय-बछड़ा भेंट करेंगे

विधायक मारू के अनुसार, ग्राम कंजार्डा में गौशाला निर्माण के लिए 2.97 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताने के लिए उन्हें प्रतीक स्वरूप गाय और बछड़ा भेंट किया जाएगा।

29 गांवों की पेयजल समस्या का मुद्दा भी उठेगा

मनासा नगर सहित 29 गांवों में गंगाबाबड़ी पेयजल योजना से पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। विधायक के अनुसार, इन क्षेत्रों को गांधीसागर पेयजल योजना से जोड़ने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

इसके अलावा खिमला गांव के विकास और पंप स्टोरेज हाइड्रो एनर्जी परियोजना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। विधायक ने कहा कि रामपुरा में विकास कार्यों से बदलाव आया है और खिमला का विकास भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

किसानों की मांगें भी रहेंगी प्रमुख

कम बारिश के कारण किसानों को हुई परेशानी को देखते हुए नीमच जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी उठाई जाएगी। इसके साथ ही खड़ावदा से दांतोली तक सड़क निर्माण की स्वीकृति का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा जा सकता है।

18 नवंबर को गांधीसागर में कैबिनेट बैठक

मुख्यमंत्री का दौरा 18 नवंबर को भी जारी रहेगा। वे रामपुरा तहसील के खिमला गांव में गांधीसागर पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद गांधीसागर में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश के विकास, ऊर्जा, निवेश और पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे से क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात मिलने की उम्मीद है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि महागढ़ में कृषि महाविद्यालय और रिसर्च सेंटर, पेयजल समस्या, सूखा घोषित करने और सड़क निर्माण जैसे प्रस्तावों पर क्या निर्णय होता है।

मंडी भाव: आज का मनासा मंडी भाव

टैग: Mohan Yadav, Manasa, Neemuch, Road Show, Development Works, Gandhisagar, Agriculture College, Madhya Pradesh

और पढ़ें: मनासा की सभी खबरें · नीमच ब्रेकिंग न्यूज़ — आज की बड़ी खबरें · नीमच न्यूज़ होम