सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला तो कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे फरियादी: 65 आवेदन प्राप्त

फसल बीमा, आर्थिक सहायता, आवास, पट्टा और राजस्व मामलों से जुड़े आवेदन मिले; कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन
जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना, उपचार के लिए आर्थिक सहायता, भूमिहीन एवं अतिक्रमण, पट्टा, नामांतरण, बंटवारा, राजस्व अभिलेख, पशुपालन ऋण और रोजगार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
फसल बीमा, पेंशन और जमीन संबंधी शिकायतें
कई आवेदकों ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने, आर्थिक सहायता लंबित होने और जमीन संबंधी विवादों की शिकायत रखी। कुछ लोगों ने आवास, पट्टा प्रदान करने, राशन कार्ड बनवाने और पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग भी की।
अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। आवेदकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर न होना पड़े। समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाए जाएं।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।