सरवानिया महाराज पुलिस की कार्रवाई: पांच साल से फरार स्थाई वारंटी सहित दो आरोपी गिरफ्तार

तीन अलग-अलग मामलों में जारी थे स्थाई गिरफ्तारी वारंट; राजस्थान के जालोर जिले के एनडीपीएस प्रकरण में वांछित आरोपी भी पकड़ा, पुलिस ने राजस्थान पुलिस को सौंपा तीन मामलों में जारी थे स्थाई गिरफ्तारी वारंट
पुलिस के अनुसार, राजू उर्फ राजेश (39) पिता मांगीलाल बंजारा, निवासी ग्राम बागरेड़ खेड़ा के विरुद्ध तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज थे। इनमें विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट जावद के प्रकरण क्रमांक 53/17 में धारा 8/18 और 29 एनडीपीएस एक्ट, जेएमएफसी न्यायालय जावद के प्रकरण क्रमांक 32/17 में धारा 354-ए भादंवि एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट तथा विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम जावद के प्रकरण क्रमांक 10/21 में धारा 135 एमपीईबी एक्ट के मामले शामिल हैं।
इन तीनों मामलों में आरोपी के विरुद्ध स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी थे। वह करीब पांच वर्षों से पहचान छिपाकर फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से निगरानी रखते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
राजस्थान के एनडीपीएस मामले में वांछित आरोपी भी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने अर्जुन सिंह (29) पिता दिनेश सिंह राजपूत, निवासी ग्राम खेरखेड़ा, थाना जावद को पकड़ा। आरोपी राजस्थान के थाना बागोरा, जिला जालोर में दर्ज अपराध क्रमांक 128/2026 में वांछित था। उसके विरुद्ध धारा 8/15, 29 एवं 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और आगे की विवेचना के लिए जिला जालोर की पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में जावद थाना प्रभारी, सरवानिया महाराज पुलिस चौकी की टीम, साइबर सेल नीमच और थाना भीनमाल, जिला जालोर की पुलिस की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है।