CBN की तीन बड़ी कार्रवाई: 2,774 किलो डोडाचूरा जब्त, चार गिरफ्तार; पांच वाहन भी किए जब्त

27 अक्टूबर को कंटेनर से 2,308 किलो डोडाचूरा बरामद
CBN से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई 27 अक्टूबर को विशेष खुफिया सूचना के आधार पर मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सीतामऊ के पास की गई। टीम ने राजस्थान नंबर के एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। कंटेनर में 115 सफेद बोरियों में 2,308 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। तस्करों ने मादक पदार्थ छिपाने के लिए ऊपर से भूसी के छिलकों से भरी 598 बोरियां रखी थीं। जांच के बाद डोडाचूरा और कंटेनर ट्रक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इशाकपुर में पिकअप और बोलेरो से 416 किलो डोडाचूरा मिला
दूसरी बड़ी कार्रवाई 28 और 29 अक्टूबर की दरमियानी रात मंदसौर जिले के इशाकपुर गांव में की गई। विशेष सूचना पर पहुंची CBN की संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक महिंद्रा पिकअप और महिंद्रा बोलेरो को रोका। तलाशी में दोनों वाहनों से 22 प्लास्टिक बोरियों में भरा 416.560 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि बोलेरो छोड़कर एक अन्य संदिग्ध फरार हो गया। CBN की दूसरी टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। दोनों वाहन और मादक पदार्थ जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
तीन अभियानों में पांच वाहन जब्त, जांच जारी
CBN के अनुसार, तीनों समन्वित अभियानों में कुल 2,774.650 किलोग्राम अवैध पोस्ता भूसा और पांच वाहन जब्त किए गए हैं। इन कार्रवाइयों में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। सभी मामलों में NDPS एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच की जा रही है।
CBN ने कहा है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, भंडारण और तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।