सरवानिया महाराज के मेन बाजार में रोजाना जाम: जनता के हवाले यातायात व्यवस्था!

दुकानों के आगे अतिक्रमण और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से बिगड़े हालात, एंबुलेंस और अन्य वाहनों को निकलने में होती है परेशानी मुख्य बाजार में अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी
मुख्य बाजार की सड़क पर दुकानदारों द्वारा सामान बाहर रखने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन के लिए जगह कम पड़ जाती है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को कई बार जाम में फंसना पड़ता है। स्थिति ऐसी बन जाती है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
एंबुलेंस और जरूरी वाहनों को भी होती है परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम के कारण कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी रास्ता मिलने में दिक्कत होती है। सड़क पर अव्यवस्था के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सड़क किनारे पार्किंग भी बनी जाम की वजह
मुख्य बाजार में सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की पार्किंग और दुकानों के सामने अतिक्रमण समस्या को और गंभीर बना रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि यदि निर्धारित पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए और सड़क से अतिक्रमण हटाया जाए, तो यातायात काफी हद तक सुचारु हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था निर्धारित करने और यातायात नियंत्रण के लिए नियमित व्यवस्था लागू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बाजार की समस्या का अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान जरूरी है।
अब सवाल यह है कि बार-बार लगने वाले जाम से परेशान नागरिकों को राहत दिलाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाएंगे।