दीपदान और दान आत्मशुद्धि, भक्ति तथा लोक कल्याण की भावना को मजबूत करते हैं : लक्ष्मी प्रेमाणी

कार्तिक पूर्णिमा पर महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ किया दीपदान, सुख-समृद्धि की कामना से तालाब घाट पर की पूजा-अर्चना
नीमच। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नगर के इंदिरा नगर स्थित तालाब घाट पर महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर दीपदान किया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। जल में तैरते दीपकों से तालाब घाट जगमगा उठा।
एक माह तक कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष रूप से दीपदान किया। इस अवसर पर महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए पूजा-अर्चना की।
दीपदान से जुड़ी है आत्मशुद्धि और लोककल्याण की भावना
इस मौके पर महिला समन्वय शाखा की संयोजिका लक्ष्मी प्रेमाणी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दीपदान और दान आत्मशुद्धि, भक्ति तथा लोक कल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की शीतलता और देव दीपावली के अवसर पर दीपमालाएं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करती हैं।
उन्होंने कहा कि दीपदान केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मन की मलिनता, अहंकार और अज्ञान को दूर कर भीतर ज्ञान और निर्मल चेतना का प्रकाश जगाने का संदेश देता है। यह पर्व आध्यात्मिक चेतना तथा सद्भाव की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि सभी आध्यात्मिक साधनाओं का उद्देश्य यही है कि मनुष्य अपने व्यवहार में प्रेम, करुणा और सरलता अपनाकर दूसरों के जीवन में भी उजाला फैलाए।