नई विधा — नीमच न्यूज़

जिनवाणी कोहिनूर हीरे से भी अधिक मूल्यवान, सम्यक्त्व की रक्षा जीवन का सबसे बड़ा धर्म : साध्वी संविज्ञाप्रिया श्रीजी

धर्म-संस्कृति · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

जिनवाणी कोहिनूर हीरे से भी अधिक मूल्यवान, सम्यक्त्व की रक्षा जीवन का सबसे बड़ा धर्म : साध्वी संविज्ञाप्रिया श्रीजी

नीमच में अमृत प्रवचन श्रृंखला के दौरान धर्मसभा को किया संबोधित, संयम, तपस्या और सदाचार को जीवन में अपनाने का दिया संदेश

नीमच। जैन कॉलोनी स्थित श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर आराधना भवन में बुधवार को साध्वी संविज्ञाप्रिया श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा के अमृत प्रवचन हुए। धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वीश्री ने कहा कि जिनवाणी के प्रति सच्ची श्रद्धा होना अत्यंत दुर्लभ है। सुदेव, सुगुरु और सुसमय के प्रति सम्यक श्रद्धा तथा संयम का पालन कोहिनूर हीरे से भी अधिक मूल्यवान है।

उन्होंने कहा कि हीरे के समान मूल्यवान मनुष्य जीवन को सार्थक बनाने के लिए सम्यक्त्व की रक्षा करना आवश्यक है। परिजनों को भी धर्ममार्ग पर लाने का प्रयास करना चाहिए।

संयम और तपस्या से जीवन बनता है सार्थक

साध्वीश्री ने कहा कि 84 लाख योनियों के बाद मनुष्य जीवन मिलता है। जैन धर्म में श्रावक की भूमिका महत्वपूर्ण है। पंचव्रत के संकल्प के साथ तपस्या और संयम का पालन करने से जीवन सार्थक बनता है। भौतिक सुख क्षणिक होते हैं, जबकि संयममय जीवन से प्राप्त शाश्वत सुख स्थायी रहता है।

उन्होंने कहा कि गुरु के उपदेशों को केवल सुनना पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें पहले अपने आचरण में उतारना आवश्यक है। आचरण के बिना धर्म की सफलता संभव नहीं है। आचरण नहीं हो तो दान भी निष्फल हो जाता है। इसलिए अपने आचरण को निखारना चाहिए तथा अहंकार से दूर रहकर तपस्या करनी चाहिए।

धार्मिक प्रसंगों से समझाया धर्म का महत्व

साध्वीश्री ने जिनवाणी, नियम, तपस्या और भौतिक एवं शाश्वत सुख के अंतर को विभिन्न धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से समझाया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संयम, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर साध्वी चितप्रिया श्रीजी, वर्षिताप्रियाजी, पूर्णप्रज्ञाजी और महेश्वरीजी आदि ठाणा का सानिध्य रहा। साध्वी मंडल श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर पहुंचा, जहां विशेष अमृत प्रवचन श्रृंखला आयोजित की जा रही है।

आज भी होंगे अमृत प्रवचन

शुक्रवार सुबह 9:15 बजे साध्वी संविज्ञाप्रिया श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा के अमृत प्रवचन होंगे। श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

टैग: नीमच, जैनधर्म, जिनवाणी, साध्वीसंविज्ञाप्रियाजी, अमृतप्रवचन, सम्यक्त्व, संयम, तपस्या, धर्मसभा, Neemuch News

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच धर्म-संस्कृति समाचार — त्योहार और आयोजन · नीमच न्यूज़ होम