नई विधा — नीमच न्यूज़

दिसंबर-जनवरी में धार में शुरू हो सकती है ट्रेन सेवा: प्रधानमंत्री करेंगे बहुप्रतीक्षित रेल लाइन का लोकार्पण

विकास · धार · · नई विधा डेस्क

दिसंबर-जनवरी में धार में शुरू हो सकती है ट्रेन सेवा: प्रधानमंत्री करेंगे बहुप्रतीक्षित रेल लाइन का लोकार्पण

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने धार रेलवे स्टेशन पहुंचकर निर्माण और प्रगति कार्यों का निरीक्षण किया, रेलवे अधिकारियों से ली जानकारी

धार। जिले के लोगों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दिसंबर से जनवरी के बीच धार रेलवे लाइन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने धार रेलवे स्टेशन पहुंचकर निर्माण एवं प्रगति कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

वर्षों पुराना सपना होगा साकार

केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री के प्रयासों और सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों से धार को रेल सुविधा से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल रेलवे लाइन का शुभारंभ नहीं, बल्कि धार के विकास, व्यापार, पर्यटन और आमजन की आवागमन सुविधाओं के लिए नए युग की शुरुआत होगी।

प्रधानमंत्री से लोकार्पण की अपील

केंद्रीय मंत्री ने धार की जनता से आह्वान किया कि जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना का लोकार्पण करें, उस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गौरवशाली पल के साक्षी बनें।

दिसंबर-जनवरी के बीच संभावित लोकार्पण को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। हालांकि, लोकार्पण की अंतिम तारीख और ट्रेन संचालन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

टैग: Dhar, Dhar News, Railway Project, Dhar Railway Line, Savitri Thakur, Narendra Modi, Railway Development, धार, धाररेलवे, रेलवेविकास

और पढ़ें: नीमच विकास समाचार — सड़क, योजना और निर्माण · नीमच न्यूज़ होम