आंगनवाड़ी में बच्चों की आंखों की होगी जांच, ब्लड टेस्ट भी कराए जाएंगे: जिला पंचायत CEO ने दिए निर्देश

नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने शनिवार को जावद विकासखंड के डीकेन स्थित वार्ड क्रमांक 6 के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था की जानकारी ली। सीईओ ने बच्चों की आंखों की जांच कराने और ब्लड टेस्ट करवाने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
टीकाकरण और पोषण व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने बच्चों के टीकाकरण, पोषण आहार और टेक होम राशन वितरण की जानकारी ली। उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी इरफान अंसारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए। कुपोषित बच्चों के उपचार और स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन तैयार करने से लेकर वितरण तक स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
राशन की गुणवत्ता में कमी मिली तो समूह पर होगी कार्रवाई
टेक होम राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीईओ ने स्व-सहायता समूहों को जनपद स्तर पर प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन की पैकिंग, निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता की जांच की तथा नमूनों का निरीक्षण भी किया।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि हितग्राहियों को समय पर राशन मिलना चाहिए। वितरण में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित स्व-सहायता समूह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर समूह को कार्य से पृथक भी किया जा सकता है।
ये अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीएस कलेश, एसडीएम संजीव साहू, महिला एवं बाल विकास अधिकारी इरफान अंसारी, सुपरवाइजर जानी मेघवाल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामकन्या मालवी और सहायिका अलका जैन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।