कोविड काल में सेवाएं देने वाले आयुष चिकित्सकों ने फिर मांगी बहाली: विधायक को सौंपा ज्ञापन

सीएमएचओ कार्यालय पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी नहीं भेजने का आरोप, विधायक दिलीप सिंह परिहार से हस्तक्षेप की मांग
नीमच। कोविड-19 आयुष चिकित्सक संघ के बैनर तले जिले के बेरोजगार आयुष चिकित्सकों ने सोमवार को विधायक दिलीप सिंह परिहार के निवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। चिकित्सकों ने कोविड महामारी के दौरान दी गई सेवाओं के आधार पर पुनः बहाली की मांग उठाई। साथ ही जिला स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
महामारी के दौरान दी थीं स्वास्थ्य सेवाएं
ज्ञापन में चिकित्सकों ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कोरोना महामारी के कठिन दौर में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाएं दी थीं। महामारी का प्रकोप कम होने के बाद उन्हें सेवाओं से हटा दिया गया। इसके बाद से वे बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं और लगातार पुनः नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
सीएमएचओ कार्यालय पर जानकारी नहीं भेजने का आरोप
चिकित्सकों के अनुसार, प्रदेश स्तर पर लंबे समय से धरना-प्रदर्शन और मांगों को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बाद एनएचएम ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को पत्र जारी कर कोविड काल में सेवाएं देने वाले आयुष चिकित्सकों की जानकारी मांगी थी।
आरोप है कि नीमच सीएमएचओ कार्यालय द्वारा अब तक संबंधित जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को नहीं भेजी गई है। इसके चलते बहाली की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
विधायक से हस्तक्षेप की मांग
चिकित्सकों ने विधायक दिलीप सिंह परिहार से मामले में हस्तक्षेप करने और सीएमएचओ को शीघ्र जानकारी भेजने के निर्देश देने की मांग की। साथ ही शासन स्तर पर उनकी पुनः नियुक्ति के लिए अनुशंसा पत्र भेजने का आग्रह किया।
चिकित्सकों का कहना है कि महामारी के संकटपूर्ण समय में स्वास्थ्य सेवाएं देने वालों को एक बार फिर विभाग में काम करने का अवसर मिलना चाहिए।