कलेक्टर के मीटिंग हॉल में भीषण आग, कुर्सियां-टेबल और एसी जलकर खाक: शॉर्ट सर्किट की आशंका

नीमच। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर के मीटिंग हॉल में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 8 बजे हुई इस घटना में हॉल में रखी कुर्सियां, टेबल, एसी सहित अन्य सरकारी सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना के समय मीटिंग हॉल में कोई बैठक नहीं हो रही थी। बताया गया कि सुबह के समय हॉल में धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और हॉल में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।
तीन दमकलों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही नगर पालिका की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों के साथ नगर पालिका कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और सीएसईडब्ल्यूएफ के जवानों ने भी आग पर काबू पाने में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण किया गया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में आग लगने की घटना के बाद विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना में सरकारी सामान को नुकसान पहुंचा है। अब जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन स्पष्ट हो सकेगा।