आधी रात सड़कों पर उतरे एसपी राजेश व्यास, खुद संभाली सुरक्षा की कमान: चौराहों और चेकिंग पॉइंट्स का किया निरीक्षण

काली फिल्म लगी गाड़ियों पर मौके पर कार्रवाई, कॉम्बिंग गश्त में 59 वारंटियों की गिरफ्तारी; 250 से अधिक वाहनों की जांच
नीमच। शहर में रात के समय कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास आधी रात को सड़कों पर उतरे। 21 और 22 नवंबर की दरमियानी रात एसपी ने शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और पुलिस चेकिंग पॉइंट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस जवानों से बातचीत कर चेकिंग व्यवस्था देखी और संदिग्ध वाहनों की जांच का जायजा लिया।
चेकिंग पॉइंट्स पर पहुंचकर देखी व्यवस्था
एसपी व्यास ने अपना कार्यालय छोड़कर आधी रात को शहर के प्रमुख चौराहों और चेकिंग पॉइंट्स का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस जवानों से बातचीत कर उनकी तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान काली फिल्म लगी गाड़ियों पर मौके पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने 15 से अधिक वाहनों से काली फिल्म हटवाई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कॉम्बिंग गश्त में 59 वारंटियों की गिरफ्तारी
एसपी की निगरानी में चलाए गए मेगा कॉम्बिंग गश्त अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही रात में 59 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 14 स्थायी और 45 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। जिले के 65 निगरानी बदमाशों की भी जांच की गई। इसके अलावा 12 नाकों पर 250 से अधिक वाहनों की तलाशी ली गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 92 वाहन चालकों से 39,600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
सड़क पर उतरकर नेतृत्व करने का संदेश
एसपी राजेश व्यास की इस कार्रवाई को पुलिस जवानों के लिए सक्रियता और जिम्मेदारी का संदेश माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। रात में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना रहा।