लुनाहेड़ा में ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए कलेक्टर: अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

लुनाहेड़ा। जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और ग्रामीणों से सीधे संवाद के उद्देश्य से 20 नवंबर को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्राम पंचायत संगीतखेड़ा में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेयजल, समय पर खाद उपलब्ध कराने, सड़क निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य अधूरा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शौचालय निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्राम के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद कर शौचालय निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से अधिकांश का मौके पर निराकरण कर दिया गया, जबकि कुछ समस्याओं को जिला स्तर पर भेजा गया है। उन्होंने अधिकारियों को गांव में समाधान शिविर लगाकर शेष समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।