CAG रिपोर्ट में खुलासा: हॉलमार्क वाला सोना भी शुद्धता की गारंटी नहीं, BIS की निगरानी पर सवाल

नई दिल्ली। हॉलमार्क वाला सोना खरीदने वाले ग्राहकों के लिए चिंता बढ़ाने वाली बात सामने आई है। कैग (CAG) की रिपोर्ट के अनुसार, सोने की शुद्धता की निगरानी करने वाली सरकारी संस्था भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) अपने निर्धारित जांच नियमों का ठीक से पालन नहीं कर पा रही है। इससे बाजार में बिक रहे हॉलमार्क सोने की शुद्धता पर निगरानी को लेकर सवाल उठे हैं।
5 साल में 80% से ज्यादा ज्वेलर्स की जांच नहीं
नियमों के मुताबिक, BIS को साल में कम से कम एक बार ज्वेलर्स की दुकानों पर जाकर सोने की शुद्धता की जांच करनी होती है। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, पिछले पांच साल में 80 प्रतिशत से ज्यादा पंजीकृत ज्वेलर्स की दुकानों पर जांच के लिए अधिकारी पहुंचे ही नहीं।
392 जिलों में बिना हॉलमार्क सोना बेचना गैरकानूनी
रिपोर्ट में बताया गया है कि देश के 392 जिलों में बिना हॉलमार्क वाला सोना बेचना गैरकानूनी है। करीब 2.3 लाख ज्वेलरी दुकानों ने BIS में पंजीकरण कराया है। वर्ष 2024-25 में कुल 28,865 लाइसेंसधारकों में से केवल 5,444 की जांच हुई। यानी करीब 81 प्रतिशत दुकानदारों की जांच नहीं की गई।
जांच केंद्रों की निगरानी भी लक्ष्य से पीछे
रिपोर्ट में हॉलमार्किंग केंद्रों (एसेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर) की निगरानी पर भी सवाल उठाए गए हैं। इन केंद्रों में सोने की शुद्धता जांचकर छह अंकों का HUID नंबर दिया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन केंद्रों की निगरानी भी BIS के लक्ष्य से करीब 44 प्रतिशत पीछे रही।
कर्मचारियों की कमी बताई, कैग ने उठाए सवाल
BIS ने जांच में देरी की वजह कर्मचारियों की कमी और दूर-दराज के क्षेत्रों से सैंपल लाने में होने वाली परेशानी बताई। हालांकि, कैग ने इन कारणों को पर्याप्त नहीं माना। रिपोर्ट में इस लापरवाही पर सवाल उठाए गए हैं।
कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से प्रतिक्रिया मांगी गई है। अंतिम रिपोर्ट संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है।