तुअर की आड़ में उगा रहे थे गांजे की फसल, पुलिस ने पकड़ी 1.10 करोड़ रुपये की खेती: 675 पौधे जब्त

पहाड़ी और दुर्गम जंगल क्षेत्र में दी दबिश
ऑपरेशन प्रहार के तहत निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम चिकली के पहाड़ी और दुर्गम जंगल क्षेत्र में दबिश दी। जांच के दौरान तुअर की फसल की आड़ में गांजे की खेती किए जाने का खुलासा हुआ।
दो खेतों से 675 गांजे के पौधे जब्त
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान भोगराम बारस्केल के खेत से 630 और महेश पिता गिनावा के खेत से 45 गांजे के पौधे जब्त किए गए। दोनों स्थानों से कुल 675 पौधे बरामद हुए, जिनका वजन 5 क्विंटल 53 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 1 करोड़ 10 लाख 60 हजार रुपये बताया गया है।
पुलिस को देखकर आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर दोनों आरोपी जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गांजे की अवैध खेती के खिलाफ 11वीं कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पिछले एक माह में अवैध गांजा खेती के खिलाफ यह 11वीं कार्रवाई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती और कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।