नई विधा — नीमच न्यूज़

RTE भुगतान नहीं होने से निजी स्कूल संचालक नाराज: कार्य बहिष्कार की चेतावनी

शिक्षा · चित्तौड़गढ़ · · नई विधा डेस्क

RTE भुगतान नहीं होने से निजी स्कूल संचालक नाराज: कार्य बहिष्कार की चेतावनी

चित्तौड़गढ़ जिले के 100 से अधिक स्कूल संचालकों ने सौंपा ज्ञापन, 30 नवंबर तक भुगतान नहीं होने पर आंदोलन और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के घेराव की चेतावनी

चित्तौड़गढ़, 27 नवंबर। जिले के निजी विद्यालयों को शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत मिलने वाली पुनर्भरण राशि का भुगतान अब तक नहीं होने से स्कूल संचालकों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी के विरोध में जिले के 100 से अधिक निजी स्कूल संचालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा) को बकाया RTE भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

स्कूल संचालकों ने बताया कि जिले के करीब 550 स्कूल लंबे समय से RTE भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। विभागीय निर्देशानुसार समय पर भौतिक सत्यापन और कैंप बिल जमा कराने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। वहीं, आसपास के जिलों में दोनों किस्तों का भुगतान हो चुका है।

30 नवंबर तक भुगतान की मांग

चित्तौड़गढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश वैष्णव ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 30 नवंबर तक भुगतान नहीं हुआ तो सभी स्कूल संचालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन करेंगे और विभागीय कार्यों का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।

भौतिक सत्यापन और कैंप बिल जमा, फिर भी भुगतान अटका

ज्ञापन में बताया गया कि जिले के स्कूलों द्वारा RTE पुनर्भरण के लिए भौतिक सत्यापन और पोर्टल की सभी औपचारिकताएं पूरी कर कैंप बिल भी विभाग को भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर भुगतान अटका हुआ है।

संचालकों का कहना है कि आसपास के जिलों में दोनों किस्तों का भुगतान हो चुका है, जबकि चित्तौड़गढ़ में एक भी किस्त नहीं मिलना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी नहीं हुआ समाधान

स्कूल संचालकों ने बताया कि पूर्व में कई बार लिखित ज्ञापन देने और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।

संचालकों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर प्रदेश स्तर पर भी धरना दिया जाएगा।

टैग: चित्तौड़गढ़, RTE, निजीस्कूल, स्कूलसंचालक, RTEभुगतान, शिक्षाविभाग, राजस्थान, Chittorgarh News, Education News

और पढ़ें: चित्तौड़गढ़ की सभी खबरें · नीमच शिक्षा समाचार — स्कूल, कॉलेज और परीक्षा · नीमच न्यूज़ होम