महू-नीमच हाईवे पर 7.96 लाख की अवैध शराब जब्त: चालक फरार

बोलेरो पिकअप में भरी थीं शराब और बीयर की 125 पेटियां, करीब 5 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त
रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर नामली थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुजरात पासिंग महिंद्रा बोलेरो पिकअप से 7 लाख 96 हजार 856 रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। वाहन में शराब की कुल 125 पेटियां रखी हुई थीं। पुलिस को देखकर चालक पिकअप मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धौंसवास गांव के पास गुजरात पासिंग बोलेरो पिकअप (GJ 20 X 6860) से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर नामली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
125 पेटियों में मिली शराब और बीयर
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें कुल 125 पेटियां मिलीं। इनमें 82 पेटियां अंग्रेजी शराब और बीयर की थीं, जिनकी कीमत 6 लाख 73 हजार 56 रुपये बताई गई। वहीं, शेष 43 पेटियों की कीमत 1 लाख 23 हजार 800 रुपये आंकी गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 1,224.48 बल्क लीटर और कीमत 7 लाख 96 हजार 856 रुपये बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
शराब परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।