ग्राम कनवला में मकान में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग: एक व्यक्ति झुलसा

भानपुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुआ हादसा, मकान में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट; घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया
भानपुरा। तहसील क्षेत्र के ग्राम कनवला में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक मकान में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति झुलस गया। आग से मकान में रखा घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक ने रसोई में गैस सिलेंडर चालू किया था। इसी दौरान गैस रिसाव होने से अचानक आग भड़क गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और मकान में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।
ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घायल को जिला अस्पताल रेफर किया
हादसे में झुलसे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौके पर एसडीओपी विजय कुमार यादव, तहसीलदार लक्ष्मण राज, थाना प्रभारी विनय दुबे सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।