नई विधा — नीमच न्यूज़

ऐतिहासिक नोलखा बावड़ी बदहाली का शिकार: सुरक्षा रेलिंग और सौंदर्यीकरण की उठी मांग

स्थानीय · नीमच · · नई विधा डेस्क

ऐतिहासिक नोलखा बावड़ी बदहाली का शिकार: सुरक्षा रेलिंग और सौंदर्यीकरण की उठी मांग

अठाना। नगर की करीब 500 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक नोलखा बावड़ी इन दिनों बदहाली का शिकार है। नगर की पहचान और गौरव का प्रतीक मानी जाने वाली यह धरोहर लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रही है। बावड़ी के आसपास सुरक्षा रेलिंग नहीं होने से हादसे की आशंका बनी हुई है।

बिना सुरक्षा रेलिंग के खुली पड़ी बावड़ी

बावड़ी के आसपास प्राचीन मंदिर स्थित होने से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे बच्चे इसमें गिरने से बच चुके हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

कांग्रेस पार्षद दल ने उठाई संरक्षण की मांग

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जावद महेंद्र सिंह सिसोदिया (जीतू बना) और पार्षद प्रतिनिधियों ने नोलखा बावड़ी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यह बावड़ी केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि अठाना की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान है।

उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि कम से कम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल सुरक्षा घेरा और मजबूत रेलिंग लगवाई जाए। साथ ही बावड़ी परिसर में साफ-सफाई, आकर्षक विद्युत सजावट और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएं।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग

बावड़ी परिसर में स्थित मंदिर और भगवान गणेश की प्रतिमा भी क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है। कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि संरक्षण और सौंदर्यीकरण के कार्य होने पर यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ एक आकर्षक ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी को भी शिकायत की गई थी। अब नगर परिषद सीएमओ से भी ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।

टैग: Athana, Nolkha Bawdi, Heritage Conservation, Historical Site, Congress, Neemuch, Madhya Pradesh

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम