20 साल से भुगत रहा हूं..: सीरियल किसर इमेज पर बोले इमरान हाशमी

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर अपनी पुरानी 'सीरियल किसर' वाली इमेज को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म 'गनमास्टर G9' का ट्रेलर रिलीज हुआ। पुणे में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान इमरान ने अपने करियर के शुरुआती दौर की फिल्मों और उनसे बनी छवि पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपनी इस इमेज के लिए निर्देशक आदित्य दत्त को जिम्मेदार ठहराया।
इमरान ने कहा कि 2000 के दशक की शुरुआत में उनकी रोमांटिक फिल्में अपने बोल्ड दृश्यों के कारण काफी सुर्खियों में रहती थीं। उन्होंने खुद पर चुटकी लेते हुए कहा, ''ये ऐसी फिल्में थीं कि जब भी टीवी पर आती थीं, तो माता-पिता बच्चों को सोने भेज देते थे।'' इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि इसके लिए आदित्य दत्त जिम्मेदार हैं और वह पिछले 20 सालों से इसके नतीजे भुगत रहे हैं।
21 साल बाद फिर बनी पुरानी जोड़ी
दरअसल, इमरान हाशमी ने वर्ष 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'आशिक बनाया आपने' में काम किया था। अब करीब 21 साल बाद वह निर्देशक आदित्य दत्त और संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ फिर से जुड़े हैं। इमरान के मुताबिक, पिछले कई वर्षों से तीनों के बीच अलग-अलग कहानियों को लेकर बातचीत होती रही, लेकिन वे एक ऐसी कहानी का इंतजार कर रहे थे, जो इस पुरानी टीम को दोबारा साथ ला सके।
'गनमास्टर G9' में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह भी नजर आएंगे। फिल्म को खास तौर पर बड़े पर्दे के अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।