10 एमवीए का नया पीटीआर लगाने के बाद भी लो-वोल्टेज से राहत नहीं: किसानों की मोटरें ठप

नए पीटीआर से भी नहीं सुधरी स्थिति
किसानों के अनुसार, सरवानिया महाराज विद्युत ग्रिड पर पहले 5-5 एमवीए के दो पीटीआर काम कर रहे थे। लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के उद्देश्य से बिजली कंपनी ने 23 अक्टूबर को इनमें से एक 5 एमवीए पीटीआर हटाकर उसकी जगह 10 एमवीए का नया पीटीआर स्थापित किया था। इसके साथ एमबी और कैपेसिटर सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया।
उम्मीद थी कि नई व्यवस्था से किसानों को पर्याप्त वोल्टेज मिलेगा, लेकिन किसानों का कहना है कि नया सिस्टम शुरू होने के बाद समस्या और बढ़ गई है।
दूर के किसानों की मोटरें नहीं चल रहीं
किसानों के मुताबिक, कुछ ट्रांसफार्मरों से जुड़ी नजदीकी मोटरें तो जैसे-तैसे चल रही हैं, लेकिन दूर स्थित मोटरों को लो-वोल्टेज के कारण पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है।
किसान दिनेश राठौर ने नाराजगी जताते हुए बताया कि पुराने 5 एमवीए पीटीआर के समय स्थिति इससे बेहतर थी। उस समय किसानों के सिंचाई पंप सुचारू रूप से चलते थे। नई व्यवस्था से राहत मिलने के बजाय परेशानी बढ़ गई है।
तकनीकी खामियों की जांच कर समाधान की मांग
रबी फसलों की सिंचाई का समय होने के कारण किसान बिजली आपूर्ति को लेकर चिंतित हैं। किसानों ने विद्युत कंपनी से नई व्यवस्था की तकनीकी खामियों की जांच कराने और जल्द लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि खेतों में सिंचाई प्रभावित न हो।