रतलाम में यूजीसी रोलबैक आंदोलन के तहत निकाली जाने वाली सवर्ण न्याय यात्रा रोकी: महिपाल सिंह मकराना हिरासत में

राजपूत बोर्डिंग से भोपाल तक प्रस्तावित थी पैदल यात्रा; अनुमति नहीं होने का हवाला देकर पुलिस ने न्यू रोड से मकराना को समर्थकों सहित हिरासत में लिया, करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को भी पकड़ा
राजपूत बोर्डिंग से शुरू होनी थी पैदल यात्रा
जानकारी के अनुसार, सवर्ण न्याय यात्रा रतलाम के राजपूत बोर्डिंग से शुरू होकर भोपाल तक जानी थी। यात्रा में शामिल होने के लिए समर्थक सबसे पहले राजपूत बोर्डिंग पहुंचे। जब कार्यकर्ताओं ने वहां से आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। मौके पर काफी देर तक हंगामा और गहमागहमी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने बलपूर्वक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहनों में बैठाकर ले जाया गया। इस कार्रवाई के दौरान करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
यात्रा से पहले महिपाल सिंह मकराना भी हिरासत में
पुलिस को सूचना मिली थी कि महिपाल सिंह मकराना भी यात्रा में शामिल होने के लिए रतलाम पहुंच रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने न्यू रोड पर उन्हें यात्रा शुरू होने से पहले ही समर्थकों सहित हिरासत में ले लिया।
मौके पर पुलिस बल और क्यूआरएफ तैनात
घटनाक्रम को देखते हुए राजपूत बोर्डिंग और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए क्यूआरएफ की टीम भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई।
मकराना और पुलिस प्रशासन का पक्ष भी आया सामने
घटनाक्रम के बाद महिपाल सिंह मकराना ने बयान जारी कर कार्यकर्ताओं से रतलाम पहुंचने की अपील की है। वहीं इस पूरे मामले पर महिपाल सिंह मकराना और रतलाम के एडिशनल एसपी राकेश पंद्रो के बयान भी सामने आए हैं।
बाइट – महिपाल सिंह मकराना, राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना
बाइट – राकेश पंद्रो, एडिशनल एसपी, रतलाम
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद रतलाम में प्रस्तावित सवर्ण न्याय यात्रा शुरू नहीं हो सकी। घटनाक्रम को लेकर आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।