नीमच नगर पालिका की PIC बैठक में 47 विकास प्रस्तावों को मंजूरी: 15 से 18 करोड़ के कार्यों को मिली हरी झंडी

सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें जवाहर नगर, विकास नगर तथा गुप्ता नर्सिंग होम से महंत नगर तक सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति देने के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके साथ ही नीमच सिटी पुलिया की रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य भी स्वीकृत किया गया।
सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के प्रस्ताव स्वीकृत
शहर में सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। इनमें मुक्तिधाम में विकास कार्य, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापना तथा धनीराम सागर मार्केट में आवश्यकता के अनुसार नए शौचालय और महिला स्नानघर का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा हम्माल मोहल्ला चौराहे पर स्टैंड और पार्क निर्माण तथा शिव मंदिर के पास स्थित कुएं के सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रस्तावों में शामिल किया गया।
बैठक में कुछ सभापतियों की अनुपस्थिति पर हुई चर्चा
बैठक सुबह 11 बजे निर्धारित थी, लेकिन कुछ सभापतियों के समय पर नहीं पहुंचने के कारण शुरुआत में देरी हुई। बैठक में जलकल सभापति छाया जायसवाल, नीरज अहीर और धर्मेश पुरोहित उपस्थित रहे। मनोहर मोटवानी ने हस्ताक्षर करने के बाद किसी कार्यवश बैठक छोड़ दी। कुछ अन्य सभापति बैठक में उपस्थित नहीं हुए।
अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा- विकास कार्यों में सभी का सहयोग जरूरी
बैठक में सभापतियों की उपस्थिति को लेकर पूछे जाने पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि पीआईसी का कोरम पूरा था और नियमानुसार बैठक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल नहीं हो पाने वाले जनप्रतिनिधियों के अपने निजी कारण या व्यस्तताएं हो सकती हैं।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि शहर के विकास कार्यों में प्रत्येक पदाधिकारी की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपना सहयोग दे। यदि किसी को कोई समस्या या बात रखनी है तो चर्चा के माध्यम से उसका समाधान किया जाएगा और आगामी बैठकों में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा।
बैठक में स्वीकृत 47 प्रस्तावों के माध्यम से नगर पालिका ने शहर में सड़क, निर्माण, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया है।