चुनाव आयुक्तों की शिकायत पर कैबिनेट सचिव ने दखल देने से किया था इनकार, RTI में खुलासा

29 जुलाई को भेजी गई थी शिकायत
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों चुनाव आयुक्तों ने 29 जुलाई को कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारी के रवैये पर आपत्ति जताई थी। इस पत्राचार की जानकारी कैबिनेट सचिवालय द्वारा RTI के तहत उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों से सामने आई है।
अधिकारी के कामकाज पर निगरानी की बात
कैबिनेट सचिव के जवाब में कहा गया कि संबंधित अधिकारी की नियुक्ति भले ही कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा की गई हो, लेकिन अब वह निर्वाचन आयोग में कार्यरत हैं। ऐसे में उनके कामकाज और आचरण को निर्वाचन आयोग के नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार नियंत्रित और मॉनिटर किया जाना चाहिए।
शिकायत को व्यक्तिगत स्तर पर किया गया पत्राचार बताया
दस्तावेजों के अनुसार, कैबिनेट सचिव ने यह भी कहा कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने शिकायत व्यक्तिगत हैसियत से की थी। इसलिए इसे निर्वाचन आयोग की ओर से भेजा गया आधिकारिक संदेश नहीं माना जा सकता।
RTI से सामने आए इस पत्राचार ने संवैधानिक संस्थाओं के बीच अधिकार-क्षेत्र और प्रशासनिक हस्तक्षेप को लेकर चर्चा को सामने ला दिया है।