डॉक्टरों ने सुरों से सजाई संगीत की महफिल: 26 चिकित्सकों ने दी गायन की प्रस्तुति

आईएमए नीमच के ‘सुर संगम’ कार्यक्रम में चिकित्सकों ने दिखाई संगीत प्रतिभा, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी हुआ आयोजन
नीमच। चिकित्सा पेशे की व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर रविवार रात चिकित्सकों ने सुरों और संगीत की महफिल सजाई। किसी ने सदाबहार गीतों से समां बांधा तो किसी ने अपनी गायकी से सभी का दिल जीत लिया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) नीमच की ओर से आयोजित दिवाली पार्टी में ‘सुर संगम’ कार्यक्रम के दौरान 26 चिकित्सकों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आईएमए नीमच की ओर से 22 नवंबर की रात आयोजित इस कार्यक्रम में गायन के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी हुईं। आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीष भाटिया और सचिव डॉ. आदित्य भंडारी ने बताया कि चिकित्सकों को लाइव ऑर्केस्ट्रा और कराओके के माध्यम से अपनी पसंद का गीत प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। प्रत्येक प्रतिभागी को एक गीत गाने का मौका मिला। गीतों के दोहराव से बचने के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रविष्टियां दर्ज की गईं।
26 चिकित्सकों की प्रस्तुतियों ने संगीत की ऐसी महफिल सजाई कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
म्यूजिकल चेयर में 20 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी रखी गई। इसमें करीब 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के आधार पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा हास्य के अवसरों में डॉ. विपुल गर्ग द्वितीय और डॉ. प्रियंका जोशी तृतीय स्थान पर रहे।
चिकित्सकों की प्रतिभा को मंच देने की पहल
आईएमए पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य चिकित्सकों को अपने पेशे से अलग रुचियों और प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना था। आपसी मेलजोल और मनोरंजन के माध्यम से चिकित्सकों की छिपी संगीत प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और सदस्यों का सहयोग रहा।