सहकारी संस्थाओं और बैंकों के चुनाव एक साल टले: अब 2027 में होंगे

कैबिनेट की मंजूरी के बाद फैसला, 2027 को युवा वर्ष घोषित; सरकार के कामकाज की समीक्षा कर दो साल का लक्ष्य तय करेंगे मंत्री और अधिकारी
भोपाल। मध्यप्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब इन संस्थाओं के चुनाव 2027 में होंगे।
बैठक में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। सरकार का मानना है कि चुनाव टालने से बैंक और सहकारी संस्थाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही कैबिनेट ने 2 दिसंबर को अधिकारियों की नीतिगत चिंतन और 21-22 दिसंबर को भोपाल में चिंतन शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया।
2027 को युवा वर्ष घोषित करने की तैयारी
सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीतिगत चिंतन होगा। इसमें आगामी योजनाओं और विकास कार्यों की दिशा तय की जाएगी।
सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने पर जोर
बैठक में सहकारी संस्थाओं की आर्थिक स्थिति और कामकाज में सुधार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य पैक्स और जिला सहकारी बैंकों को बेहतर वित्तीय स्थिति में लाना है।
कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले
सहकारी बैंकों को सहायता: जिला सहकारी बैंकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सहायता संबंधी निर्णय लिया गया।
खनिज राजस्व: प्रदेश में खनिज राजस्व बढ़ाने और नई सर्वेक्षण व्यवस्था पर जोर दिया गया।
एकल धाम परियोजना: उज्जैन में एकल धाम परियोजना को मंजूरी दी गई।
युवा वर्ष: वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
वैक्सीन कार्यक्रम: प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को बढ़ावा देने की बात कही गई।
कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा हुई।