नीमच में 11 से 18 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह: 15 नवंबर को होंगे विशेष आयोजन

भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता कर दी गई कार्यक्रमों की जानकारी; भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, शौर्य और बलिदान को किया जाएगा याद
आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए बुधवार को तपोभूमि स्थित भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने सप्ताहभर होने वाले आयोजनों की जानकारी दी। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों का होगा स्मरण
स्वाति चोपड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के महापुरुषों के संघर्ष, शौर्य, त्याग और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साथ टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह जैसे महापुरुषों के योगदान को देश की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
सांस्कृतिक रैलियां, लोकनृत्य और गौरव चौपाल होंगे आकर्षण
जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान जिले में सांस्कृतिक रैलियां, पारंपरिक लोकनृत्य, विभिन्न प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्वलन, छात्रावासों में युवाओं के साथ संवाद और जनजातीय गौरव चौपाल सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोककलाओं और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
15 नवंबर को नीमच में विशेष आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को नीमच में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सम्मान देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
प्रेसवार्ता में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू, जिला मंत्री धनसिंह कैथवास, जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रतन मालावत, जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा उपस्थित रहे।