स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर विधायक विपिन जैन ने दिया ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश: कहा- छोटे व्यापारियों की खुशियों से रोशन होगा दीपावली पर्व

बाजार में पैदल घूमकर की खरीदारी
विधायक विपिन जैन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गांधी चौराहा पहुंचे। यहां से उन्होंने बाजार में पैदल भ्रमण करते हुए छोटी दुकानों से खरीदारी की। उन्होंने मिट्टी के दीपक, रंग, प्रसाद, सजावटी सामग्री, मिठाई और दीपावली से जुड़ी विभिन्न वस्तुएं खरीदीं।
इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की अपील
विधायक जैन ने कहा कि दीपावली की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब समाज के हर वर्ग तक उनका लाभ पहुंचे। छोटे दुकानदार, कारीगर और स्थानीय व्यापारी भी त्योहार की तैयारियों में अपनी मेहनत और पूंजी लगाते हैं। ऐसे में स्थानीय दुकानों से खरीदारी करना उनके व्यवसाय को मजबूती देने का एक अच्छा माध्यम है।
लोकल फॉर वोकल अपनाने का संदेश
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान अपने आसपास के छोटे दुकानदारों, कुम्हारों, स्थानीय कारीगरों और हाथ ठेला व्यापारियों से भी खरीदारी करें। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और छोटे व्यवसायों से जुड़े परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
कांग्रेस कार्यकर्ता भी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक के साथ कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्थानीय बाजार में खरीदारी कर छोटे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाया और दीपावली की खुशियां साझा कीं।
विधायक विपिन जैन ने कहा कि स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदना केवल एक खरीदारी नहीं, बल्कि उनके रोजगार और आजीविका को सहारा देने का प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से इस दीपावली पर स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।